बलूचिस्तान में जाफर एक्सप्रेस पर बम हमला, 12 यात्री घायल; 10 घंटे में दूसरा धमाका

Blog

इस्लामाबाद. पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में मंगलवार को जाफर एक्सप्रेस ट्रेन पर बम धमाके की वजह से छह बोगियां पटरी से उतर गईं और एक बोगी पलट गई। इस घटना में कम से कम 12 यात्री घायल हुए। हादसा उस समय हुआ जब ट्रेन क्वेटा की ओर जा रही थी और मस्तुंग जिले के स्पिजेंड इलाके से गुजर रही थी। उस समय ट्रेन में करीब 270 यात्री सवार थे।

अधिकारियों ने बताया कि यह धमाका 10 घंटे के भीतर हुआ दूसरा विस्फोट था। सुबह भी क्वेटा स्टेशन से रवाना होने के बाद रेलवे ट्रैक के पास एक धमाका हुआ था, हालांकि उस समय ट्रेन सुरक्षित रही थी और सुरक्षा बलों ने ट्रैक की जांच के बाद उसे आगे बढ़ा दिया था।

पुलिस के अनुसार, दूसरा धमाका ट्रैक पर लगाए गए आईईडी (इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस) से हुआ। एक पलटी हुई बोगी में पांच लोग घायल हुए, जबकि बाकी को दूसरी बोगियों के पटरी से उतरने से चोटें आईं। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि यदि ट्रेन तेज रफ्तार में होती, तो हादसा और भी बड़ा हो सकता था। अभी तक किसी संगठन ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *